बेलागंज। आम लोगों को अंचल कार्यालय से संबंधित कार्यों के निष्पादन में सुविधा उपलब्ध कराने और सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बेलागंज अंचल कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित जनता दरबार में अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनता दरबार में कुल पांच मामले आए। अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने संबंधित मामलों को गंभीरता से सुनते हुए चार मामलों का मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए निपटारा कर दिया। इससे संबंधित लोगों को तत्काल राहत मिली और उन्हें कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाने से भी राहत मिली। वहीं, एक मामले में स्थल जांच की आवश्यकता को देखते हुए अंचलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिया कि वह स्थल पर जाकर मामले की जांच करें और जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। अंचलाधिकारी ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार के दौरान अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंचलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। लोगों को राजस्व एवं अंचल कार्यालय से संबंधित कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं हो, इसके लिए नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित कर मामलों का निष्पादन किया जा रहा है।
