बेलागंज। दुर्गापूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर गुरुवार को बेलागंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रसिद्ध काली मंदिर सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर होने वाले आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रशासन ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की भीड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए सभी पक्षों का सहयोग जरूरी है। प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारी की जा रही है। वहीं, जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की गई। अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सजग रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए लोगों को भी जिम्मेदारी के साथ सहयोग करना चाहिए। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार राय ने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और भाईचारे के माहौल में ही पर्व का सही आनंद लिया जा सकता है।
पुनि सह थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और किसी संदिग्ध या विवादित स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान, एसआई अनिवेश कुमार, भाजपा नेता महेश शर्मा, पूर्व मुखिया नुनु सिंह, पूर्व मुखिया बदूद खान, उमेश यादव, अनुमंडल शांति समिति सदस्य मो. वसीम अंसारी, रविशंकर कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, रंजेश कुमार, राजेश दास, उप प्रमुख रमेश दास, भाजपा नेता राहुल परमार, राजद नेता राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
