पटना। बिहार सरकार के गृह विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 40 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। ट्रांसफर की इस सूची में पटना सिटी, आरा, मुजफ्फरपुर, बक्सर, सीतामढ़ी गयाजी,समेत कई जिलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) बदले गए हैं।
इसी क्रम में जहानाबाद जिले को भी नया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मिला है। मनीष चंद्र चौधरी को जहानाबाद का नया डीएसपी नियुक्त किया गया है। वे अब तक राज्य के अन्य जिलों में विभिन्न पदों पर कार्यरत रह चुके हैं और उन्हें अनुभवी व कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माना जाता है।
इससे पहले जहानाबाद में एसडीपीओ के पद पर राजीव कुमार सिंह कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में कई प्रमुख मामलों में कार्रवाई की गई और जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई गई।
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता और कानून व्यवस्था की मजबूती को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
नए एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी के आने से जिले में पुलिस प्रशासन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।












