फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1050 लीटर देसी महुआ शराब और 7 मोटरसाइकिल जब्त, तस्कर फरार
गयाजी। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के हलमता – गुरूपेण नहर के किनारे फतेहपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1050 लीटर देसी महुआ शराब और 7 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी मोटरसाइकिलों पर लगभग 150-150 लीटर शराब लदी हुई थी, जिसे तस्कर अवैध रूप से परिवहन कर रहे थे।
यह कार्रवाई पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में उनके सशस्त्र बल की सहायता से की गई। गुप्त सूचना के अनुसार, डूमरीचट्टी से गोपी मोड़ की ओर शराब लदी मोटरसाइकिलों का जत्था आ रहा था। पुलिस वाहन को देखते ही चालक वाहन मोड़कर हलमता की ओर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया, लेकिन सभी तस्कर अपने-अपने वाहन ग्राम हलमता के पास गुरपेण नहर के किनारे छोड़कर जंगल, झाड़ियों और नदी का सहारा लेकर फरार हो गए। मौके से सातों मोटरसाइकिल और उन पर लदी कुल 1050 लीटर अवैध देसी महुआ शराब जब्त की गई है।
पुलिस द्वारा तस्करों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आगे की छापेमारी और विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।












