Wednesday, March 4, 2026
HomeBiharनाली गली के विवाद में जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत।

नाली गली के विवाद में जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत।

बेलागंज।पिछले दिनों बेलागंज थाना क्षेत्र के छोटी मस्जिद के पास नाली गली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से जख्मी मो सफदर इमाम राणा की रविवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। पटना के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ज्ञात हो कि बीते एक सप्ताह पहले छोटी मस्जिद के समीप नाली गली को लेकर मो सफदर इमाम राणा और फनी मियां के परिजनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस दौरान मो सफदर इमाम राणा गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान रविवार की शाम उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही देर शाम एंबुलेंस के माध्यम से मृतक का शव बेलागंज लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग बेलागंज थाना पहुंचे और शव को थाना परिसर में रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के आश्रितों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया। जिसके बाद देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गयाजी भेजा गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि यह मामला एक सप्ताह पूर्व हुई मारपीट से जुड़ा है। जिसमें मो सफदर इमाम राणा गंभीर रूप से जख्मी हो था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी फनी मियां एवं उसका परिवार घर छोड़कर फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए चिन्हित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!