बेलागंज।प्रखंड मुख्यालय स्थित रामेश्वर +2 उच्च विद्यालय में शुक्रवार को शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अभय कुमार रमण ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने भाग लिया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए बीईओ अभय कुमार रमण ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विद्यालयों में छात्र उपस्थिति पचास प्रतिशत से अधिक लाने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत प्रतिदिन एमडीएम का एसएमएस तीन बजे से पहले अनिवार्य रूप से भेजने को कहा। उन्होंने विद्यालयों के नियमित संचालन, किचन गार्डन के विकास, शिशु पंजी के अद्यतन, बच्चों के नियमित स्वास्थ्य जांच, विद्यालय विकास योजना (एसडीपी), शौचालय की साफ-सफाई, एनआईएलपी और उल्लास ऐप के प्रभावी उपयोग तथा ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रों के डाटा की समय पर एंट्री करने पर विशेष जोर दिया। बीईओ ने शिक्षकों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अवकाश लेने की प्रक्रिया का पालन करने का भी निर्देश दिया। मासिक गुरु गोष्ठी का उद्देश्य शिक्षकों के बीच समन्वय स्थापित करना, शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना तथा सरकारी योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा करना है। बैठक में मध्याह्न भोजन की रिपोर्ट और मासिक शैक्षणिक प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य इबरार अहमद, प्रमोद कुमार भारती, शत्रुघ्न प्रसाद, प्रियंका कुमारी, मो. मुमताज, नदीम, अरुण कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।












