+2 उच्च विद्यालय, करजरा के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह द्वारा फीता काटकर एवं शिलापट्ट का लोकार्पण कर किया गया । इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. रामसिंहासन सिंह, प्रसिद्ध समाजसेवी अश्विनी सिंह , प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेणु कुमारी , माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रधानाध्यापिका जया सिंह, पूर्व एवं संस्थापक प्रभारी प्रधानाध्यापक मिथिलेश प्र. सिंह, मुखिया राजकुमार शर्मा भी फीता काटते समय मौजूद थे । इस उद्धाटन सह सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र- छात्राएं मौजूद रहे साथ ही राजीव नयन , दीपक कुमार सहित आस-पास के कई विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं बड़ी संख्या में शिक्षक भी मौजूद थे । सर्वप्रथम छात्राओं ने मनमोहक स्वागत नृत्य कर सभी का मन मोह लिया । तत्पश्चात प्रधानाध्यापिका ने स्वागत संबोधन में सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया और जनप्रतिनिधियों से विद्यालय की सुरक्षा हेतु चहारदीवारी बनवाने की माँग भी रखी । प्रख्यात साहित्यकार डा. रामसिंहासन सिंह ने शिक्षक में शिक्षकत्व पैदा करने के गुरूमंत्र दिया , साथ ही विद्यालय के अनुशासन एवं संस्कार से प्रभावित होकर भूरि-भूरि प्रशंसा की । प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेणु कुमारी ने कहा कि जया मैम के प्रधानाध्यापिका बनकर आने के बाद विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक माहौल में गुणात्मक सुधार आया है, जो सभी के लिए अनुकरणीय है । इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह ने कहा कि बतौर प्रधानाध्यापिका जया सिंह के प्रशासनिक दक्षता की धमक सिर्फ प्रखंड ही नहीं पूरे जिला में महसूस किया जा रहा है । यदि इसी तरह से आपके मार्गदर्शन में यह विद्यालय आगे बढ़ा तो अच्छे प्राइवेट स्कूल को टक्कर दे सकता है । इस अवसर पर सभी अतिथियों ने अपनी बातें रखी और अच्छे आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को साधुवाद दिया । इस अवसर पर ‘ सोच ‘ संस्था के सौजन्य से विद्यालय के बोर्ड परीक्षा में दसवीं एवं बारहवीं में सर्वाधिक अंक लाने वाली क्रमशः निभा कुमारी एवं निधि कुमारी को पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह के कर-कमलों से 5100-5100 नगद , प्रशस्ति-पत्र एवं अंग-वस्त्र प्रदान किया गया । इस अवसर पर विद्यालय द्वारा नौवीं एवं ग्यारहवीं में प्रथम आए छात्रों को सम्मानित किया गया । इस अवसर पर विधान पार्षद के हाथों सभी उपस्थित प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को अंग-वस्त्र देकर सम्मानित किया गया । इस अवसर वरिष्ठ साहित्यकार राजीव रंजन, विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे । पूरा हाल अंत तक खचाखच भरा रहा ।
