बेलागंज। चाकंद थाना की पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चाकंद थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 24 अप्रैल 2026 के तहत दर्ज मामले में आरोपी शाहमीर अख्तर (18 वर्ष), पिता- नौशाद अख्तर, निवासी- लक्ष्मीपुर, थाना- बेलागंज, जिला- गया को विधिवत गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 317(5), 338, 336(3), 340(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
