Friday, April 24, 2026
HomeBiharवजीरगंज में बेटी की शादी में खलल डालने का आरोप, पीड़ित पिता...

वजीरगंज में बेटी की शादी में खलल डालने का आरोप, पीड़ित पिता पहुंचा थाना

दालधोय रस्म के दौरान पड़ोसियों पर गाली-गलौज व मिर्च झोंकने का आरोप

वजीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र के करजरा पंचायत स्थित चकसेव गांव में बेटी की शादी से पहले निभाई जाने वाली ‘दालधोय’ की रस्म में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने वजीरगंज थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व सुरक्षा की गुहार लगाई है। 
चकसेव निवासी दिनेश शर्मा ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री की शादी 26 अप्रैल को तय है। बुधवार की शाम घर की महिलाएं मंगलगीत गाते हुए ‘दालधोय’ की रस्म के लिए गांव के कुंआ पर गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के लोग पूरे परिवार के साथ वहां पहुंच गए और रस्म करने से मना करते हुए गाली-गलौज करने लगे। 
दिनेश शर्मा के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने महिलाओं की भीड़ पर मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। कई महिलाएं और बच्चे गिरते-पड़ते घर भागे। 
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत ओपी भिंडस को फोन कर सूचना दी। गुरुवार को दिनेश शर्मा वजीरगंज थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर शादी तक परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।  
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। शादी में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।  
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष 26 अप्रैल की शादी में भी बाधा डाल सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शांतिपूर्ण तरीके से वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराने की मांग की है।

Most Popular

error: Content is protected !!