शेरघाटी (गया)।करीब पांच साल पुराने चर्चित हत्या मामले में शेरघाटी व्यवहार न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने 30 अप्रैल 2026 को अहम फैसला सुनाते हुए तीन अभियुक्तों को उम्रकैद की सजा सुनाई। इस फैसले से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है और उन्होंने न्यायालय के प्रति संतोष जताया है।
यह मामला डोभी थाना क्षेत्र के कोसमा टोला खरियात गांव का है, जहां वर्ष 2021 में अनिल कुमार उर्फ प्रिंस कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद अपराधियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद डोभी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
परिजनों के मुताबिक, वर्ष 2021 में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने जांच के दौरान सुरेंद्र चौधरी, सावित्री देवी और रेनू कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन था। सुनवाई के दौरान पीड़ित पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रियंका प्रियदर्शनी ने मजबूती से पैरवी की, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह ने पक्ष रखा।
करीब पांच वर्षों की सुनवाई के बाद न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।
फैसले के बाद मृतक के परिजनों ने कहा कि देर से ही सही लेकिन न्याय जरूर मिला। उन्होंने न्यायालय और अपने अधिवक्ता के प्रति आभार जताया।
