टिकारी (गया)। टिकारी थाना क्षेत्र के उसरी गांव में शनिवार देर रात अपराधियों ने डकैती की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, 10 से 11 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने आधी रात के बाद एक घर को निशाना बनाया और घर में घुसकर जमकर लूटपाट की।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने घर के सदस्यों को आतंकित कर नकदी, आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लूट लिए। इस दौरान जब घर की एक महिला ने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके दोनों हाथ टूट गए। घटना के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, लेकिन तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही टिकारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
