Monday, July 20, 2026
HomeBiharऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, 40 हजार रुपये...

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, 40 हजार रुपये के चोरी के मोबाइल बरामद

गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को आरपीएफ पोस्ट गया के उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ, सीपीडीएस, सीआईबी एवं जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन परिसर में गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा छोर स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के पास एक स्टॉल के नजदीक दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।

टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान भूपेंद्र यादव (22 वर्ष), पिता हजारी यादव, निवासी ग्राम पिपरा, थाना गोह, जिला औरंगाबाद तथा डीरी काडे (19 वर्ष), पिता अशोक काडे, निवासी ग्राम मंडला, थाना विदिशा, जिला सांची (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान भूपेंद्र यादव के पास से पोको कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल तथा डीरी काडे के पास से रियलमी कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया गया। दोनों मोबाइल लॉक अवस्था में थे। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि मोबाइल गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से चोरी किए गए थे।

इसके बाद आरपीएफ ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए तथा दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया को सौंप दिया। इस संबंध में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 189/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई एवं मामले की जांच में जुटी हुई है।

Most Popular

error: Content is protected !!