बेलागंज।चाकंद थाना पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चाकंद थाना कांड संख्या 102/26, दिनांक 15 मई 2026, में दर्ज बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) के नामजद अभियुक्त नरेश यादव उर्फ ब्रह्मदेव यादव (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय परमेश्वर यादव को बहादुर बिगहा उसके घर से विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में प्रस्तुत करने हेतु भेज दिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से मामले में फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मामले की जानकारी देते हुए चाकंद थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष श्वेता तिवारी ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर फरार वारंटियों एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
