Thursday, July 16, 2026
HomeBiharएक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत भाजपा नेताओं ने किया...

एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भाजपा नेताओं ने किया फलदार पौधों का रोपण

गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता सहित अन्य भाजपा नेताओं ने फलदार वृक्षों का पौधारोपण किया। इस दौरान आम, अमरूद समेत विभिन्न फलदार पौधे लगाए गए तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते वन क्षेत्र के कारण प्रकृति का संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का जन-आंदोलन है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो देश में हरियाली बढ़ेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि आम, अमरूद एवं अन्य फलदार पौधे भविष्य में न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाएंगे, बल्कि लोगों को पौष्टिक फल भी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्ष वायु को शुद्ध करने, तापमान नियंत्रित रखने, जैव विविधता को बढ़ावा देने तथा पक्षियों एवं अन्य जीवों के लिए प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही ये समाज को पोषण और आर्थिक लाभ भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं, वर्षा चक्र को संतुलित रखते हैं, भूजल स्तर बनाए रखने में सहायक होते हैं तथा मिट्टी के कटाव को रोकते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा नेता गोपाल प्रसाद यादव, सुनील मिश्रा, संतोष ठाकुर, राजू मिश्रा, राणा रणजीत सिंह, विजय प्रसाद उर्फ काला नाग, महेश मिश्रा, संतोष कुमार, डॉ. अशोक, मिहिर कुमार, पूनम कुमारी, श्याम किशोर मिश्रा, मिराज अंसारी, नवलेश सिंह, धर्मेंद्र कुमार, इंदुभूषण मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Most Popular

error: Content is protected !!