Monday, July 6, 2026
HomeBiharकोंच में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 देसी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस...

कोंच में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 देसी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस व 6 मैगजीन के साथ एक गिरफ्तार

कोंच (गया)। गया पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोंच थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 देसी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस, 2 मिस फायर कारतूस, 6 मैगजीन तथा एक कार बरामद की है। मामले में कोंच थाना कांड संख्या 115/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कोंच थाना क्षेत्र के सिंदुआरी गांव में मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा अपने रिश्तेदार के घर अवैध हथियारों के साथ पहुंचा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टिकारी सुशांत कुमार चंचल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम ने सिंदुआरी गांव पहुंचकर संदिग्ध घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी छत के रास्ते भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा, पिता उमेश शर्मा, निवासी टेपा, थाना टिकारी के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल एवं 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद घर की तलाशी में किचन में रखे टिन के डिब्बे से एक और लोडेड देसी पिस्टल तथा 6 जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों को देने के लिए हथियार छिपाकर रखे थे। उसकी निशानदेही पर एक सहयोगी के घर के बरामदे में बिछावन के नीचे छिपाकर रखा गया तीसरा लोडेड देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया गया।

इसके अलावा आरोपी की कार की तलाशी में 2 खाली मैगजीन तथा एक मैगजीन में 2 मिस फायर कारतूस मिले। पुलिस ने सभी बरामद हथियार, कारतूस, मैगजीन और कार को जब्त कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी चोट है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और हथियार तस्करों के मनोबल पर प्रभाव पड़ेगा।

बरामदगी:

– 3 देसी पिस्टल
– 17 जिंदा कारतूस
– 2 मिस फायर कारतूस
– 6 मैगजीन
– 1 कार

कोंच से महताब अंसारी की रिपोर्ट

Most Popular

error: Content is protected !!