वजीरगंज| वजीरगंज प्रखंड स्थित पतेड मंगरावा पंचायत में मंगलवार को सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ के तहत जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 11 मई को ‘सहयोग पोर्टल’ और हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया गया है। इसके माध्यम से लोग सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ‘सहयोग शिविर’ का उद्देश्य हर हाल में 30 दिनों के अंदर जन समस्याओं का निष्पादन करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे जिले में प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित होगा।जिला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर ने बताया कि सहयोग शिविर एवं पोर्टल पर जिले में 22 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 20 हजार से अधिक का निष्पादन कर दिया गया है। इस शिविर में बासगीत पर्चा, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड और स्वच्छ भारत मिशन के लाभुकों को सांकेतिक पत्र दिए गए।पंचायत के मुखिया राजीव रंजन उर्फ डब्लू यादव ने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं शिविर में रखने की अपील की।
इस मौके पर बीडीओ प्रभाकर कुमार सिंह, सीओ प्रकाश कुमार, सरपंच *महेश कुमार सुमन* सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
