गया के कुजापी निवासी राजेश का शव वज़ीरगंज के बड़ही बिगहा में मिला, भाई ने साजिश का लगाया आरोप
वज़ीरगंज।प्रखंड क्षेत्र के
तरवां पंचायत अंतर्गत बड़ही बिगहा आमुचक गांव के समीप गुरुवार सुबह आहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पानी में उतराता देख ग्रामीणों ने तुरंत वज़ीरगंज पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को आहर से बाहर निकलवाया। पहचान के बाद पता चला कि मृतक गया जिले के कुजापी निवासी 28 वर्षीय राजेश कुमार है।
बताया जाता है कि राजेश पिछले कुछ समय से आमुचक स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। उसके तीन बच्चे हैं, जबकि पत्नी दिल्ली में रहती है। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई अरुण कुमार ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि राजेश को तैरना आता था, इसलिए उसके डूबने की बात गले नहीं उतर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत हत्या कर शव को आहर में फेंका गया हो सकता है।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की संभावना है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए एएनएमसीएच गया भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक के पारिवारिक विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
