बेलागंज।बेलागंज में बैंक से रुपये निकासी कर घर लौटने वाले ग्राहकों से लगातार हो रही लूट और छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बेलागंज थाना की पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक के समीप लूट-छिनतई की योजना बना रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसका एक साथी पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी को सूचना मिली थी कि बैंक के समीप दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक युवक को दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जोरबागंज निवासी स्व. कल्लू यादव के पुत्र पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने गिरोह के साथ चोरी, लूट और छिनतई सहित कई आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर बेला स्टेशन के समीप से बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ दरभंगा, मुजफ्फरपुर, नालंदा और गोपालगंज सहित कई जिलों में दर्जनभर से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।






