Monday, August 10, 2026
HomeBiharवजीरगंज में करंट से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का...

वजीरगंज में करंट से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जर्जर तार टूटकर गिरा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर उठाए सवाल, मुआवजे की मांग
वजीरगंज।प्रखंड के केनार पहाड़पुर पंचायत के भगौसा गांव में रविवार को बिजली के जर्जर तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय किसान रणधीर कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय रणधीर खेत में काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार रणधीर कुमार, पिता पेरू प्रसाद खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार अचानक टूटकर उन पर गिर गया। तार के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले गए। जहां चिकित्सक डॉ. अरशद इमाम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के तार की स्थिति पहले से ही जर्जर थी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पूरे क्षेत्र के तारों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
बताया गया कि रणधीर कुमार अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के अनुसार बच्चों के पालन-पोषण की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। सबसे दुखद बात यह है कि मृतक का एक पुत्र कुछ वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में पहले ही जान गंवा चुका है। बेटे के बाद अब रणधीर की मौत ने परिवार को पूरी तरह अकेला कर दिया है।
घटना की जानकारी बीडीओ प्रभाकर सिंह को दी गई। उन्होंने बताया कि रविवार होने के कारण कार्यालय बंद है। सोमवार को परिवार से मुलाकात कर सरकार की ओर से नियमानुसार मिलने वाली राहत राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण प्रवीण कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, सनोज कुमार, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, आशीष कुमार, आशीष भारती समेत बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Most Popular

error: Content is protected !!