Wednesday, June 10, 2026
HomeBiharआया था दुल्हन लेने, मिला धोखा, पैसा, गहना के साथ परिवार सहित...

आया था दुल्हन लेने, मिला धोखा, पैसा, गहना के साथ परिवार सहित फरार हुई दुल्हन।

बेलागंज। बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। राजस्थान के टोंक जिले से बारात लेकर पहुंचे एक युवक ने आरोप लगाया है कि विवाह की सभी रस्में पूरी होने के कुछ घंटे बाद ही दुल्हन अपने परिजनों के साथ फरार हो गई। पीड़ित ने बेलागंज थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार टोंक निवासी संजय पटवा सोमवार की रात परिजनों के साथ दरियापुर गांव विवाह करने पहुंचे थे। दूल्हे का आरोप है कि शादी तय होने के दौरान दुल्हन पक्ष ने विभिन्न मदों में रुपये की मांग की थी। उसने दुल्हन को मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल समेत अन्य जेवर और कपड़े दिए। इसके अलावा दुल्हन पक्ष द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर 1.10 लाख रुपये ऑनलाइन भी भेजे गए। सोमवार रात हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न हुआ और मंगलवार सुबह विदाई होनी थी। लेकिन सुबह जब दूल्हा पक्ष विदाई के लिए पहुंचा तो घर में ताला लटका मिला। आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि परिवार के सभी सदस्य रात में ही कहीं चले गए हैं। इसके बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!