कोंच (गया)। कोंच थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव की एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने, मारपीट करने और घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मखदुमपुर निवासी सुमित्रा देवी ने कोंच थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वर्ष 2012 में उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से गांव के ही मुकेश कुमार (पिता- सुकन यादव) के साथ हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। उनका मायका कोंच थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में है।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती थी। वर्ष 2024 में उनके पति ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना पूजा कुमारी नामक युवती से दूसरी शादी कर ली। इसका विरोध करने पर स्थिति और बिगड़ गई।
सुमित्रा देवी के अनुसार, दूसरी शादी के बाद पति ने उन्हें अलग कर दिया तथा भरण-पोषण का खर्च देना भी बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पति और उसकी दूसरी पत्नी दोनों मिलकर उनके साथ मारपीट करते थे। हाल ही में हुई मारपीट की घटना में उनके सिर में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वर्तमान में पीड़िता अपने मायके खजूरी गांव में रह रही हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि उन्हें अपनी जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है।
इस मामले में कोंच थानाध्यक्ष आलोक रंजन ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर कांड संख्या 261/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
