अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने एलएनटी कंपनी के पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा
पटना/गया।
अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने आज गयाजी स्थित जिला अतिथि गृह में एलएनटी कंपनी के अधिकारियों के साथ गया टाउन में प्रस्तावित ट्रैफिक लाइट एवं सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन से सम्बंधित महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर की आवश्यकताओं, तकनीकी व्यवस्था और प्रस्तावित स्थानों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि “गयाजी की जनता के लिए यह हर्ष का विषय है कि शहर में लगभग 55 से 60 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम और सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। इससे गया शहर में जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।”
उन्होंने बताया कि एलएनटी कंपनी ने जिला प्रशासन के सहयोग से सभी महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर ली है, जहां ट्रैफिक लाइट और सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। सभी स्थानों का निरीक्षण एवं तकनीकी मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है।
बता दें कि अगले सोमवार से कार्य शुरू हो जाएगी गया जी शहर में सर्विलेंस कैमरा, ए एन टी आर कैमरा, रेड लाइट वायलेशन कैमरा, 8 चौराहे पर रेड लाइट सिगनल, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, वेरिएबल मैसेज साइनेज, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम, 10 पुलिस व्हीकल में मोबाइल सर्विलांस कैमरा, 7 जोनल व्यूइंग सेंटर सहित पूरे शहर के 75 जगह पर सर्विलेंस कैमरा लगेगा जहां 500 से अधिक कैमरा लगाए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, जून 2026 तक ट्रैफिक लाइट एवं सीसीटीवी कैमरा स्थापना का कार्य पूर्ण कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने पर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और अपराध नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।
बैठक में एलएनटी कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।












