वजीरगंज। वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत कुर्किहार पंचायत के एकता नगर में शनिवार को बिजली के तार की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान एकता नगर निवासी बबलू चौधरी के पांच वर्षीय पुत्र बिक्की कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बिक्की कुमार अपने घर में था। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अमरजीत गौरव एवं डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मृतक के घर पहुंचने लगे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
बिक्की कुमार की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की मौत की खबर से एकता नगर सहित कुर्किहार पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बिजली के तारों एवं विद्युत व्यवस्था में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






