खिजरसराय/हिसुआ (संवाददाता)।मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के रक्तदाता डॉ. रविकांत कुमार (पीडिया) ने रेयर A नेगेटिव ब्लड निशुल्क दान कर हिसुआ (नवादा) की मरीज आशा देवी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, मरीज को तत्काल A नेगेटिव रक्त की आवश्यकता थी। दुर्लभ रक्त समूह उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजन काफी परेशान थे। सूचना मिलते ही शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के सदस्य सक्रिय हुए और डॉ. रविकांत कुमार ने बिना किसी शुल्क के रक्तदान कर मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराया, जिससे उसका सफलतापूर्वक उपचार संभव हो सका।
इस अवसर पर ब्रिगेड के सदस्य अमृत कुमार एवं अनुज कुमार भी मौजूद रहे। वहीं, ब्रिगेड के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनी कुमार वर्मा ने रक्तदाता सहित हिसुआ और गया जिले से जुड़े सभी ब्रिगेड सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर निशुल्क रक्त उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा करना है।
उल्लेखनीय है कि खिजरसराय बच्चा हॉस्पिटल एडवांस शिशु के संस्थापक डॉ. रविकांत कुमार सामाजिक दायित्व निभाते हुए समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर लोगों की जान बचाने का कार्य करते रहे हैं। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
