बेलागंज।पहले सत्ता में बैठे लोग के विचारधारा और हमारे नेता के विचारधारा में आसमान जमीन का फर्क है। पहले के सत्ताधारी जनता को जाति धर्म और संप्रदाय में बांट कर राज्य करते थे। आज का समीकरण न्याय के साथ विकास का है। उक्त बातें बुधवार को बेलागंज के सरैया मैदान पर आयोजित जदयू के जन संवाद कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री अशोक चौधरी ने कहा। उन्होंने कहा कि मेरे नेता नीतीश कुमार के कार्यकाल के पूर्व के बिहार को सांप्रदायिक दंगे और नरसंहार वाला बिहार के रूप में जाना जाता था। नीतीश कुमार को सत्ता में आने से पूर्व बिहार में 118 नरसंहार और सैकड़ों सांप्रदायिक दंगे हुए थे। मगर जब से नीतीश कुमार ने बिहार का बागडोर संभाला न तो एक भी दंगे हुए और न हीं कोई नरसंहार। मंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग बिहार को जाति, धर्म और संप्रदाय में बांटने का काम किया है। मगर हमारे नेता ने बिहार में न्याय के साथ विकास और सबका साथ सबका विकास का नारा देकर बिहार की सूरत बदलने का काम किया है। शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कराया गया। लड़कियों को स्कूल जाने के लिए साइकिल एवं पोषक राशि की व्यवस्था की गई। पंचायत राज्य व्यवस्था में सभी तबके के लोगों को अधिकार देकर आगे बढ़ाने का काम किया गया। कार्यक्रम के दौरान बेलागंज विधानसभा में 59 सड़क मार्ग के लिए 174 किलोमीटर नए एवं पुराने सड़कों का कार्यारंभ किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि बेलागंज का चहुमुखी विकास हमारा कर्तव्य है। जिस तरह बेलागंज के लोगों ने मुझपर भरोसा कर मुझे जिताया है। हम उनके भरोसा को टूटने नहीं देंगे। कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद, शीतल यादव, जिला परिषद सदस्या करिश्मा कुमारी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, ज्योति दांगी, रॉकी यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार, नगर प्रखंड अध्यक्ष काशिफ अंसारी भाजपा नेता दिलीप कुमार, दीपक कुमार, सांसद प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह, सहित एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।












