पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
वजीरगंज।पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय के तरवां स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने वन विभाग के अधिकारियों की देखरेख में विभिन्न प्रजातियों के करीब एक सौ पौधे लगाए। इनमें शीशम, सखुआ, सागवान के साथ-साथ कई फलदार पौधे शामिल थे।
पौधरोपण के बाद छात्राओं ने लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने का संकल्प लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण और पौधों के महत्व के बारे में जानकारी दी। मौके पर वनपाल भोला सिंह, वनरक्षी वासुदेव यादव, गुड्डू कुमार, अमन कुमार, सौरभ कुमार एवं पंकज कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।
वन विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को पौधों की सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पेड़ हमें स्वच्छ हवा देने के साथ पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
विद्यालय की वार्डन स्वाति प्रिया की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, रसोईया, सुरक्षा गार्ड एवं सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने पौधों की देखभाल करने और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी उत्साह देखा गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण के माध्यम से छात्राओं को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
