वजीरगंज।वजीरगंज प्रखंड सभागार भवन में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में प्रखंड एवं अंचल क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह एवं अंचलाधिकारी प्रकाश कुमार ने आम लोगों की फरियादें सुनीं और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में अंचल के सभी राजस्व कर्मचारी एवं राजस्व पदाधिकारी जगजीवन राम भी मौजूद रहे। अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों ने जमीन, राजस्व, दाखिल-खारिज, सीमांकन सहित अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने एक-एक कर लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित कर्मचारियों से मामले की जानकारी लेते हुए समाधान की प्रक्रिया पूरी की।
जनता दरबार में कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। वहीं, शेष पांच मामलों को संबंधित विभाग एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि लंबित मामलों का नियमानुसार जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
इस दौरान बीडीओ प्रभाकर सिंह और सीओ प्रकाश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और प्रशासन को भी समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है।
जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।
