वजीरगंज के बभनडीह गांव का मामला, पति ने आईजी को भी लिखा पत्र, प्राथमिकी दर्ज
वजीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र के बभनडीह गांव से एक महिला अपने 5 वर्षीय बेटे के साथ रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है। आरोप है कि लापता होने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला के पति से 5 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी है।
मामले में बभनडीह निवासी कृष्णा सिंह ने वजीरगंज थाना में आवेदन देकर पत्नी रिंकी देवी और बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई है। कृष्णा सिंह टाटा में ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
3 अगस्त की सुबह घर से निकली-
आवेदन के अनुसार, रिंकी देवी 3 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे घर में चार बेटियों को छोड़कर छोटे पुत्र और सामान लेकर घर से निकल गई। कृष्णा सिंह को उनके भतीजे ने फोन कर इसकी सूचना दी। घर पहुंचने परिजनों ने बताया कि रिंकी बिना बताए चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
फिरौती के लिए आया फोन-
कृष्णा सिंह ने बताया कि पत्नी के लापता होने के बाद एक अज्ञात नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि रिंकी उसके कब्जे में है और उसे छोड़ने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की। साथ ही धमकी भी दी गई। इसके बाद से उस नंबर और रिंकी देवी का मोबाइल दोनों स्विच ऑफ आ रहे हैं।
कृष्णा सिंह ने बताया कि उनकी शादी करीब 14 वर्ष पहले झारखंड के बोकारो निवासी स्व. विनोद सिंह की पुत्री रिंकी से हुई थी। बेटियों से मिली जानकारी के अनुसार रिंकी पिछले 3 वर्षों से किसी अज्ञात व्यक्ति से फोन पर बात करती थी।
पुलिस कर रही जांच-
कृष्णा सिंह ने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक को भी पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की है। वजीरगंज थाना में 8 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ससुराल पक्ष से भी रिंकी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
