Wednesday, April 15, 2026
HomeBiharटिकारी में शिक्षा और पर्यावरण के लिए सामाजिक कार्यकर्ता मो. जफर बारी...

टिकारी में शिक्षा और पर्यावरण के लिए सामाजिक कार्यकर्ता मो. जफर बारी अंसारी ‘छोटू मियां’ का आंदोलन सफल

टिकारी

टिकारी।शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए गए एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता मो. जफर बारी अंसारी उर्फ छोटू मियां को बड़ी सफलता मिली है। इस आंदोलन के तहत स्कूलों में बच्चों को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराने और एक कक्षा पास करने के बाद उन किताबों को स्कूल में जमा कर अगली कक्षा में आने वाले जरूरतमंद बच्चों को देने का नियम लागू कराया गया है।

इस पहल से जहां गरीब परिवारों के बच्चों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पुरानी किताबों के पुनः उपयोग से कागज की बर्बादी रुकेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। पहले जहां किताबें बेकार होकर कचरे में चली जाती थीं, अब वही किताबें दूसरे बच्चों के काम आएंगी।

मो. जफर बारी अंसारी ‘छोटू मियां’ ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में समानता लाने की दिशा में अहम है। उन्होंने सरकार से आगे मांग करते हुए कहा कि पहली कक्षा से ही बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद एवं हुनर जैसे क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी,आर्मवरस्टलिंग आदि की भी ट्रेनिंग दी जाए, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक रूप से मजबूत बनें और भविष्य में खेल या अन्य कौशल के माध्यम से भी अपना करियर बना सकें।

इसके साथ ही उन्होंने समाज में सिगरेट के उपयोग पर रोक लगाने की भी अपील की। उनका कहना है कि सिगरेट बनाने में अच्छी गुणवत्ता की लकड़ी का उपयोग होता है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। सिगरेट पर नियंत्रण से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक बदलाव बताया है।

Most Popular

error: Content is protected !!