Wednesday, April 15, 2026
HomeBiharबड़ी दुर्घटना: दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में चालक की मौत

बड़ी दुर्घटना: दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में चालक की मौत

गया। पंचानपुर–गया मुख्य पथ पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना सीयूएसबी (सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार) के मुख्य द्वार के समीप हुई।

मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव निवासी उपेंद्र शर्मा के 36 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वैगन आर कार गया की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही पिकअप वाहन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए और उनके परखच्चे उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विकास कुमार को वाहन से निकालकर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, अन्य सवारों एवं पिकअप चालक को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज स्थानीय निजी क्लिनिक में कराया गया।

पंचानपुर थाना प्रभारी पद्माकर उपाध्याय ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में लिखित शिकायत का इंतजार किया जा रहा है, और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Most Popular

error: Content is protected !!