वजीरगंज।प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, यह एक बार फिर साबित कर दिखाया है वजीरगंज प्रखंड के कुर्किहार गांव के मेधावी छात्र निखिल कुमार हारित ने। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए द्वारा घोषित नीट यूजी 2026 के परिणाम में निखिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। निखिल कुमार हारित ने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 720 अंकों में से 566 अंक प्राप्त किए हैं। अखिल भारतीय स्तर पर सामान्य वर्ग में उन्होंने 25945वीं रैंक और ई डब्लूएस वर्ग में 3089वीं रैंक हासिल की है। इस शानदार सफलता के साथ अब निखिल का किसी प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला तय माना जा रहा है, जिससे डॉक्टर बनने का उनका सपना साकार होने की राह आसान हो गई है। निखिल के शिक्षक पिता बबलू कुमार हारित और गृहणी माता विभूति कुमारी बेटे की इस उपलब्धि से बेहद गौरवान्वित हैं। खबर मिलते ही कुर्किहार गांव में खुशी का माहौल है और हर कोई निखिल की इस कामयाबी की सराहना कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संसाधनों की कमी के बावजूद निखिल की कड़ी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि गांव के बच्चे भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
