। गया।पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अमानत” के तहत एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल बरामद कर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को आरपीएफ पोस्ट गया में तैनात प्रधान आरक्षी बशिष्ठ यादव गया रेलवे स्टेशन पर महाबोधि एक्सप्रेस के यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने की व्यवस्था में लगे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर उन्हें एक मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला। आसपास पूछताछ करने पर कोई भी व्यक्ति मोबाइल का दावा नहीं कर सका।
कुछ देर बाद उक्त मोबाइल पर कॉल आया। कॉल रिसीव करने पर कॉलकर्ता ने अपना नाम दीपक कुमार, पिता जयचंद्र प्रसाद, निवासी बैरागी, थाना डेल्हा, जिला गया बताया। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली जाने के लिए महाबोधि एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान उनका मोबाइल प्लेटफॉर्म पर गिर गया था।
इसके बाद दीपक कुमार को रेलवे स्टेशन बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन के उपरांत करीब 15 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल उन्हें सही-सलामत वापस सौंप दिया गया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर दीपक कुमार ने आरपीएफ गया की कार्यशैली और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। आरपीएफ द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन अमानत यात्रियों की खोई हुई वस्तुओं को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में लगातार सफल साबित हो रहा है।
