बेलागंज। झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन ने +2 आजाद हाई स्कूल, चाकंद(रेवाड़ा)गया के प्रिंसिपल एस. नेयाज उद्दीन को झारखंड जूनियर बॉयज नेशनल फुटबॉल टीम का मुख्य चयनकर्ता (चीफ सेलेक्टर) मनोनीत किया है। इस संबंध में झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के मानद सचिव गुलाम रब्बानी ने 7 अगस्त को स्कूल के सचिव के नाम आधिकारिक पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार, एस. नेयाज उद्दीन को वर्ष 2026-27 के डॉ. बी.सी. रॉय ट्रॉफी जूनियर बॉयज नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी दी गई है। टीम के खिलाड़ियों के ट्रायल एवं चयन कैंप का आयोजन झारखंड के खेलगांव, रांची में किया जाएगा। इसके बाद मुख्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में होगा। झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन ने स्कूल प्रशासन से एस. नेयाज उद्दीन को 9 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक चयन कैंप में शामिल होने के लिए कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है। एस. नेयाज उद्दीन के मुख्य चयनकर्ता बनाए जाने से चाकंद क्षेत्र के खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार में खुशी है। वे पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी भी रह चुके हैं और वर्तमान में +2 आजाद हाई स्कूल, चाकंद के प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत हैं।
