फतेहपुर (गया)। श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने फतेहपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध गुरुपा पहाड़ मंदिर एवं संदेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मेला परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
एसडीओ ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश देते हुए कहा कि भीड़ प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रावणी मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी।
