Thursday, March 5, 2026
HomeBiharतेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से टकराई, दो की मौत, तीन गंभीर

तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से टकराई, दो की मौत, तीन गंभीर

कोंच/आमस। संवाददाता: आमस थाना क्षेत्र के करमाइन मोड़ के समीप राजापुर पुल के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 3:51 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर जीटी रोड के डिवाइडर से जा टकराई।

जानकारी के अनुसार पिकअप पर सवार सभी लोग कोंच प्रखंड के आंती थाना क्षेत्र के काजी बिगहा गांव के निवासी थे। बताया जाता है कि सभी लोग धनबाद से बकरी बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और सड़क किनारे बने कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा। इस हादसे में प्यारे हसन (35), पिता फारूक हसन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मो. महमूद कुरैशी उर्फ मंडल (32), पिता मकबूल कुरैशी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में मो. खालिद कुरैशी (45), पिता यूसुफ कुरैशी, गुलाम नबी (24), पिता खालिद कुरैशी तथा मो. सरफुद्दीन कुरैशी (30), पिता सलाउद्दीन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

इस दुखद घटना पर कोंच राजद प्रखंड प्रभारी डॉ. रामाशीष कुमार, काबर मुखिया प्रतिनिधि मोहन यादव, अवधेश दास एवं पंचायत अध्यक्ष लालू यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Most Popular

error: Content is protected !!