बेलागंज।बेलागंज क्षेत्र के किसानों की सिंचाई की समस्या एक बार फिर विधानसभा में उठी है। विधायक मनोरमा देवी ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान क्षेत्र के किसानों के हित में महत्वपूर्ण मांग रखते हुए फल्गु एवं जमुने नदी से निकली पारंपरिक पइनों की सफाई और अतिक्रमण हटाकर सिंचाई व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की मांग की। विधायक मनोरमा देवी ने सदन में कहा कि बेलागंज एवं नगर प्रखंड प्रखंड के हजारों किसान वर्षों से सिंचाई के लिए फल्गु और जमुने नदी पर निर्भर हैं। नगर प्रखंड के तेल बिगहा और दल्ली बिगहा के समीप फल्गु नदी से सात पइन निकाली गई थीं, जिनके माध्यम से नदी का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचता था। उन्होंने यह भी कहा कि जमुने नदी से निकली प्रसिद्ध जमुने दसइन पइन भी अतिक्रमण की समस्या से जूझ रही है। कई स्थानों पर पइन पर अतिक्रमण होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर धान सहित अन्य फसलों की खेती पर पड़ रहा है। विधायक ने सरकार से मांग की कि फल्गु नदी से निकली सभी सातों पइनों के मुहानों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा जमुने दसइन पइन से अतिक्रमण हटाकर उसे चालू कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते यह कार्य पूरा कर दिया जाता है तो हजारों एकड़ कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंच सकेगा और किसानों को राहत मिलेगी।
