Thursday, August 6, 2026
HomeBiharटावर पर चढ़े किशोर को ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर उतारा, बड़ी अनहोनी टली

टावर पर चढ़े किशोर को ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर उतारा, बड़ी अनहोनी टली

वजीरगंज। वजीरगंज थाना क्षेत्र की कारी पंचायत सरकार भवन के समीप गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 14 वर्षीय किशोर 1 लाख 33 हजार वोल्ट की उच्च क्षमता वाली विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गया। टावर पर किशोर को देखकर लोगों की सांसें थम गईं। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और धैर्य व सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे लगातार समझाते रहे। काफी देर तक चले प्रयास के बाद किशोर सुरक्षित नीचे उतर आया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मुखिया प्रतिनिधि विजय राजवंशी ने बताया कि किशोर की पहचान अंकित कुमार (14), पिता विकास कुमार, निवासी बेगूसराय के रूप में हुई है। वह इन दिनों वजीरगंज प्रखंड के नारायणपुर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। बताया जाता है कि किसी बात पर परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर वह घर से निकल गया और सीधे हाई वोल्टेज विद्युत टावर पर चढ़ गया।
घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों की सतर्कता, धैर्य और समय रहते की गई समझाइश से किशोर सकुशल नीचे उतर आया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Most Popular

error: Content is protected !!