महताब अंसारी
कोंच प्रखंड अंतर्गत बिजहरा गांव में स्वर्गीय गुलबनी देवी की स्मृति में रविवार संध्या श्रद्धांजलि सभा एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके पुत्र उपेंद्र कुमार उर्फ इंजीनियर साहब एवं परिजनों द्वारा किया गया, जिसमें गांव सहित दूर-दराज से आए अनेक गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों ने भाग लेकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा के लिए आकर्षक एवं सुव्यवस्थित पंडाल का निर्माण कराया गया था। सभा स्थल पर स्वर्गीय गुलबनी देवी के चित्र के साथ संत शिरोमणि गुरु रविदास, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भगवान बुद्ध के चित्र स्थापित किए गए थे। उपस्थित लोगों ने सभी महापुरुषों एवं दिवंगत आत्मा को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय गुलबनी देवी के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके त्याग, सामाजिक मूल्यों तथा परिवार और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्ष एवं समाज सुधार के कार्यों, भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और मानवता के संदेश तथा गुरु रविदास की शिक्षाओं एवं सामाजिक समरसता के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान शिक्षा, समानता, स्वच्छता एवं सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में स्वर्गीय गुलबनी देवी की पुत्रवधु प्रीति कुमारी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षमय जीवन का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गुलबनी देवी भले ही औपचारिक रूप से शिक्षित नहीं थीं, लेकिन उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपने बच्चों को पढ़ा-लिखाकर समाज में स्थापित किया। उन्होंने उनके जीवन को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा कि यदि एक अशिक्षित मां अपने बच्चों को शिक्षित और संस्कारित बना सकती है, तो आज की शिक्षित बेटियां समाज और परिवार के विकास में और भी बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुमार उर्फ इंजीनियर साहब ने सभी आगंतुकों एवं अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने आयोजन में स्वच्छता, बेहतर व्यवस्था एवं अतिथि सत्कार पर विशेष ध्यान दिया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। श्रद्धांजलि सभा शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई तथा उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गुलबनी देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
