पीड़ितों ने थाने में दिया आवेदन, पुलिस जांच में जुटी
वजीरगंज।वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमेठी के मदरडीह गांव में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। चोरों ने दो अलग-अलग घरों के बरामदे से दो मोटरसाइकिलें उड़ा लीं।घटना गुरुवार की रात की है। चोरों ने गांव निवासी दीपक कुमार शर्मा के घर के बरामदे में खड़ी हीरो स्प्लेंडर प्लस और दूसरे घर में शंकर यादव के बरामदे में लगी हीरो ग्लैमर को निशाना बनाया। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर दोनों बाइकों को लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो दोनों जगह बाइक गायब देखकर हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पीड़ितों ने वजीरगंज थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की। आवेदन में उन्होंने बाइक का नंबर और चोरी की तारीख का जिक्र किया है।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि दोनों पीड़ितों का आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।
लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने और पुलिस पेट्रोलिंग तेज करने की मांग की है।
