जनभागीदारी से विकास पर जोर, बीडीओ ने की सहयोग की अपील
वजीरगंज। प्रखंड की केनार पहाड़पुर पंचायत में शुक्रवार को हैंड इन हैंड इंडिया द्वारा ग्राम उत्थान योजना (वीयूपी) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत के समग्र एवं सहभागी विकास के लिए समुदाय आधारित कार्ययोजना तैयार करना तथा ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया से जोड़ना है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने कहा कि पंचायत, प्रशासन और ग्रामीणों की साझी भागीदारी से ही सतत एवं समावेशी विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। मुखिया प्रतिनिधि अमरेश कुमार, उपमुखिया पिंकी कुमारी, सरपंच आशा देवी, पंचायत प्रतिनिधि रवि सिंह, प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी, कवच परियोजना के सेंटर डायरेक्टर धर्मेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।हैंड इन हैंड इंडिया की टीम ने ग्राम उत्थान योजना की कार्यप्रणाली, आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक उन्नयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पंचायत के समग्र विकास एवं प्रत्येक परिवार के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में परियोजना प्रबंधक रूपेश कुमार, सहायक परियोजना प्रबंधक डॉ. अभय कुमार सहित संस्था के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अनिल कुमार ने किया।
