गयाजी।अनीश पंकज मेमोरियल विधि महाविद्यालय, गयाजी में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन बड़े ही उत्साह और जिम्मेदारी के साथ किया गया। इस अभियान का नेतृत्व महाविद्यालय के बॉडी गवर्नर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने किया। उनके साथ महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें मतदान के महत्व को समझाना था।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता पर ही टिकी होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें, क्योंकि प्रत्येक वोट राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को विशेष रूप से जागरूक होना चाहिए, क्योंकि वे ही देश का भविष्य हैं और उनके मतदान से नीतियों और शासन की दिशा तय होती है।अभियान के दौरान कॉलेज के छात्रों ने शहर के विभिन्न मोहल्लों, में पैदल मार्च करते हुए घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। वे बैनर, पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से संदेश दे रहे थे – “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मतदान है हमारा अधिकार, इसे करें हम बार-बार।”इस पहल ने स्थानीय लोगों के बीच सकारात्मक प्रभाव डाला और सभी ने डॉ. मनीष पंकज मिश्रा एवं कॉलेज प्रशासन के इस सराहनीय प्रयास की सराहना की। यह अभियान मतदाता जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।












