वजीरगंज। वजीरगंज थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपित कसियाडीह निवासी नवलेश मांझी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि एक जुलाई को कसियाडीह निवासी शैलेन्द्र मांझी ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना देते हुए गांव के ही नवलेश मांझी एवं उसके सहयोगियों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और लगातार छापेमारी के आधार पर सोमवार को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इसी दौरान मुख्य आरोपित नवलेश मांझी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।उन्होंने बताया कि बरामद किशोरी का न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे बालिका गृह भेज दिया गया है। वहीं गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत करने के उपरांत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
