वजीरगंज। वजीरगंज थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव स्थित सुजान आहर में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। आहर में डूबने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुंदीपुर निवासी रामबालक यादव के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार रामबालक यादव अपने मवेशी को आहर से बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में वजीरगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. नंदलाल प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया मेडिकल भेजा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है |
