Tuesday, September 8, 2026
HomeBiharदोस्त को बचाने नदी में उतरा चंदन खुद तेज धारा में समाया,...

दोस्त को बचाने नदी में उतरा चंदन खुद तेज धारा में समाया, चार घंटे बाद पहुंची एसडीआरएफ की टीम

बेलागंज।साथी को डूबता देख उसे बचाने के लिए नदी में उतरना 19 वर्षीय चंदन कुमार को भारी पड़ गया। दोस्त की जान बचाने की कोशिश में वह खुद गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और सोनपुर नदी में डूब गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी देर तक अपने स्तर से उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना बेलागंज थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान पानी टंकी के समीप रहने वाले रामप्रवेश यादव के 19 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि चंदन पांच-छह दोस्तों के साथ सोनपुर नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान अमर कुमार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए चंदन नदी में आगे बढ़ा, लेकिन इसी दौरान वह खुद गहरे पानी में समा गया। चंदन के डूबने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने नाव और नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे तक खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ती गई। ग्रामीणों ने बचाव दल के पहुंचने में देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सूचना के करीब चार घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और इसके बाद नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। देर तक शव नहीं मिलने से नदी किनारे लोगों की भीड़ लगी रही। चंदन माता-पिता का सबसे छोटा बेटा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने नदी के संवेदनशील घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Most Popular

error: Content is protected !!