एचआईवी के प्रति जागरूकता फ़ैलाने के लिए सीयूएसबी में रेड रन 2024 के तहत मैराथन का आयोजन

गया।युवाओं में एचआईवी एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधित विषय पर जागरूकता फ़ैलाने हेतु राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संग़ठन, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर रेड रन 2024 का आयोजन किया जा रहा है। रेड रन 2024  के तहत बिहार राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में महाविद्यालय स्तर, जिला स्तर और राज्य स्तर पर रेड रन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाविद्यालय स्तर के  रेड रन 2024 के अंतर्गत दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) परिसर में मैराथन का आयोजन किया गया। जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में सीयूएसबी के रेड रिबन क्लब द्वारा 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन का आयोजन रेड रिबन क्लब  के नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत ने क्लब के सदस्य डॉ. जावेद अहसन, डॉ. अमृता श्रीवास्तव, डॉ. चन्द्रप्रभा पांडेय एवं डॉ. दिग्विजय सिंह के सहयोग से किया | रेड रन 2024   के तहत आयोजित 5 किलोमीटर के मैराथन में कुल 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

मैराथन शुरू होने से पूर्व कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह एवं कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा ने प्रतिभागी छात्र – छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए शुभकामनाएं दी | कुलपति महोदय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना है और ऐसी प्रतियोगिताएं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में भी सहायक होती हैं। इस पश्चात कुलपति प्रो के. एन. सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रेड रन मैराथन की शुरुआत की |

नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत ने मैराथन के परिणामों को साझा करते हुए बताया कि  प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शिव शंकर सरकार, इतिहास विभाग (प्रथम), तेज शर्मा, शिक्षक शिक्षा विभाग (द्वितीय), हर्ष राज, पर्यावरण विज्ञान विभाग (तृतीय), प्रेमानंद कुमार, शारीरिक शिक्षा विभाग (चतुर्थ) तथा आदित्य, शारीरिक शिक्षा विभाग (पंचम) विजेता रहे | वहीँ महिला वर्ग में आयुषी आर्य, पर्यावरण विज्ञान विभाग (प्रथम), दीपांजलि सिंह पर्यावरण विज्ञान विभाग (द्वितीय), अंजली कुमारी, जीव विज्ञान विभाग (तृतीय) तथा अंजलि कुमारी, जीव विज्ञान विभाग (चतुर्थ) विजेता रहीं |  उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में सफल हुए प्रथम पांच विजेताओं (5 महिला/ 5 पुरुष) को  जिला स्तर गया जिले में मैराथन में भाग लेना होगा और उसके पश्चात क्रमशः राज्य स्तर की प्रतियोगिता और राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में भाग लेना होगा।

अंत में रेड रिबन क्लब  के नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सबका आभार प्रकट किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल के सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह, शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक प्राध्यापक डा. गौरव कुमार सिंह तथा शोधार्थी कुणाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Trending

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here