बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में 15 वर्षीय किशोर शांतनु कुमार की हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गुरुवार की शाम घर से निकला शांतनु देर रात तक वापस नहीं लौटा था। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि शुक्रवार सुबह गांव से बाहर बघार में उसका शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी मुकेश सिंह के पुत्र के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सिर को पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस एवं लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
