लंबित कांडों के निष्पादन का दिया निर्देश
वजीरगंज।वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के द्वारा बुधवार की रात वजीरगंज थाना का औचक निरीक्षण कर विस्तृत समीक्षा की गई। एस एस पी ने थाना परिसर का मुआयना करने के बाद लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, वारंट एवं कुर्की निष्पादन, वाहन जांच अभियान तथा अन्य पुलिस गतिविधियों की गहन समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में एस एस पी ने थाना के पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसिंग को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
एस एस पी ने वारंट एवं कुर्की निष्पादन में तेजी लाने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने वाहन जांच अभियान को और सघन करने को भी कहा ताकि अपराधियों पर लगाम कसी जा सके।
इस मौके पर वजीरगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक नीरज कुमार सहित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
