कोंच (गयाजी)। कोंच प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार देर रात एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार खजूरी पंचायत के ददरेजी बाजार निवासी जितेंद्र सिंह की पत्नी को तबीयत बिगड़ने पर उपचार के लिए सीएचसी लाया गया था। बताया जाता है कि महिला हृदय रोग से पीड़ित थी और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गलत इंजेक्शन दिए जाने के कारण महिला की जान चली गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस चालक दल नशे की हालत में था, जिसके कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज का उपचार चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप किया गया था। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है तथा लगाए गए आरोप निराधार हैं।
इधर, एंबुलेंस चालक मिथलेश कुमार ने बताया कि मरीज को रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस अस्पताल परिसर के बाहर तैयार खड़ी थी। हालांकि रवाना होने से पहले ही महिला की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। मामले को लेकर जांच की मांग उठ रही है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
