परिचित दोस्तों ने ही रची साजिश, शव बगाही पहाड़ के पीछे फेंका
वज़ीरगंज। वजीरगंज थाना क्षेत्र में चर्चित रविकांत कुमार उर्फ रॉकेट हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वजीरगंज थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीएसपी सुनील कुमार पाण्डेय ने बताया कि जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश प्रेम प्रसंग को लेकर रची गई थी। इसमें मृतक के परिचित दोस्तों की भूमिका सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रविकांत को योजनाबद्ध तरीके से बुलाया। पहले उसे साथ लेकर घूमते रहे और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को वज़ीरगंज थाना क्षेत्र के पूनावां गांव स्थित बगाही पहाड़ के पीछे फेंक दिया ताकि घटना को छिपाया जा सके।मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ के बाद हुआ। प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आने पर पुलिस ने संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।इससे पहले शव मिलने के बाद परिजनों ने गया-राजगीर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 82 को जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। जांच में किसी अन्य की संलिप्तता मिली तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।
