वजीरगंज । वजीरगंज थाना क्षेत्र के तरवां टोला भूतवाही निवासी नूर मोहम्मद नट ने अपने दामाद फरदीन नट पर दूसरी महिला के साथ फरार होने का आरोप लगाते हुए वजीरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, फरदीन अपनी पत्नी शाहीन परवीन, दो वर्षीय बेटे और पांच माह की गर्भवती पत्नी को छोड़कर 5 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे घर से चला गया। आरोप है कि वह मानपुर थाना क्षेत्र के अबगिला निवासी सहनाज परवीन उर्फ नंदनी के साथ फरार हुआ है।
आवेदन में बताया गया है कि शाहीन परवीन की शादी वर्ष 2021 में मुस्लिम रीति-रिवाज से फरदीन नट के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ वर्षों तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में फरदीन का कथित रूप से दूसरी महिला से प्रेम संबंध हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त महिला ने फरदीन को अपने प्रभाव में लेकर दूसरी शादी करने की साजिश रची और उसे अपने साथ ले गई।
पीड़ित पिता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को पहले से इस संबंध की जानकारी थी, लेकिन उसे धमकी दी गई थी कि यदि उसने इसकी सूचना किसी परिजन को दी तो उसे और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को जान से मार दिया जाएगा। भय के कारण वह अब तक चुप रही। अब पति के घर छोड़कर चले जाने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पक्षों के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
